

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर-खीरी
बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, चीनी मिल खम्भारखेड़ा परिसर में आज दिनांक 09 सितम्बर 2026 को सम्मानित किसानों, क्षेत्रीय नागरिकों एवं चीनी मिल के अधिकारियों-कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चरक अस्पताल, लखनऊ से आए डॉक्टर अभिनव शर्मा, एम.बी.बी.एस. एवं उनकी टीम एवं सी.एच.सी. फूलबेहड़ के इंचार्ज डॉक्टर मुनीश वर्मा के द्वारा उपस्थित मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ जिला गन्ना अधिकारी, लखीमपुर जितेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने चीनी मिल प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के लोगों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
चीनी मिल प्रबंधन द्वारा क्षेत्रीय नागरिकों एवं किसानों के साथ-साथ अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए समय-समय पर विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में चीनी मिल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं की जांच की गई तथा मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई। शिविर में उपस्थित लोगों ने चीनी मिल प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी एवं जनहितकारी बताया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, खम्भारखेड़ा सुरेश कुमार चौधरी, चीनी मिल के पुष्पेंद्र ढाका, मोहित अवस्थी, राजेश कुमार पाण्डेय, आशीष श्रीवास्तव, नीलेश सिंह, राजेंद्र सिंह, संजीव कुमार, राज सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र नाथ त्रिपाठी, पंकज यादव सहित चीनी मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में केन हेड एवं एचआर हेड ने चरक अस्पताल, लखनऊ से आए चिकित्सकों एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चीनी मिल प्रबंधन द्वारा क्षेत्रीय नागरिकों, किसानों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
