


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) आज दिनांक 24.08.2026 को पवित्र श्रावण मास के अन्तिम सोमवार के पावन अवसर पर जनपद लखीमपुर खीरी में शिव भक्तों (कांवड़ियों) के स्वागत एवं उत्साहवर्धन हेतु प्रशासनिक स्तर पर भव्य पहल की गई । जिलाधिकारी खीरी श्री अंजनी कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी, डॉ0 ख्याति गर्ग द्वारा गोला गोकर्णनाथ मन्दिर परिसर पर उपस्थित होकर श्रद्धापूर्वक कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया । इस अवसर पर अधिकारियों ने कांवड़ियों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम यात्रा की शुभकामनाएं दीं ।
पुष्प वर्षा के उपरांत जिलाधिकारी खीरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी द्वारा गोला गोकर्णनाथ मन्दिर परिसर का भ्रमण किया गया। इस दौरान अधिकारीगण द्वारा मन्दिर परिसर में उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन-पूजन हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया । अधिकारीगण द्वारा मन्दिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, श्रद्धालुओं की भीड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं अन्य संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए । इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, श्री अमित कुमार राय एवं क्षेत्राधिकारी गोला, श्रीमती महक शर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे ।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा श्रावण मास के अन्तिम सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन-पूजन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है । जनपद खीरी पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है ।
