
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी जिले में अवैध डग्गामार बसों और टैक्सियों के संचालन से नाराज अनुबंधित बस चालकों ने मंगलवार को चक्का जाम कर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक बेनतीजा रहने के बाद चालकों ने लखीमपुर डिपो से अनुबंधित बसों का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया। इस हड़ताल के कारण सीतापुर, लखनऊ और अन्य रूटों पर जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राजस्व का नुकसान और मानसिक उत्पीड़न का आरोप
अनुबंधित बस यूनियन के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में अवैध बसों और डग्गामार टैक्सियों की भरमार हो चुकी है। इससे न केवल रोडवेज के राजस्व को भारी चपत लग रही है, बल्कि अनुबंधित बस संचालकों को भी सवारियां नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा, “सवारियां न मिलने से हमें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन और विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिया गया, लेकिन अवैध वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब इन परिस्थितियों में बसों का संचालन करना नामुमकिन हो गया है।यूनियन के संरक्षक प्रेम प्रकाश बाजपेई ने प्रशासन और पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ डग्गामार वाहनों के कारण बस मालिकों की कमर टूट रही है, वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस लगातार फर्जी तरीके से अनुबंधित बसों का नाजायज चालान काट रही है। इस दोहरी मार से तंग आकर सभी मोटर वाहन चालकों ने अपनी बसें खड़ी करने का फैसला लिया है।दूसरी ओर, परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध वाहनों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि यदि इसके बावजूद सड़कों पर अवैध वाहन दौड़ रहे हैं, तो उनके खिलाफ जल्द ही और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
