(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी 31 जुलाई। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार शाम अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों की शैक्षिक एवं भौतिक गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक कक्षा में इनके नियमित उपयोग की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा विकसित करने के लिए नवाचारी, संवादात्मक और रोचक शिक्षण पद्धतियों का प्रयोग करें, ताकि सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और आनंददायक बन सके।
*शिक्षक संदर्शिका से तय होगी पढ़ाई की दिशा*
सीडीओ अभिषेक कुमार ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में शिक्षक संदर्शिका का प्रभावी एवं नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा उसी के अनुरूप अध्यापन कार्य कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों से कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के सीखने की क्षमता में वृद्धि के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
बैठक में एसएमसी गठन, प्रेरणा पोर्टल पर अपलोडिंग, केजीबीवी में निर्माण कार्यों की प्रगति, डीबीटी मॉडल, स्कूल चलो अभियान, निपुण भारत, ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स, शिक्षकों के प्रशिक्षण, डीटीएफ -बीटीएफ निरीक्षण, दिव्यांग बच्चों की ट्रैकिंग, मध्यान्ह भोजन योजना सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई और जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में बीएसए प्रवीण तिवारी ने कहा कि आज की बैठक में जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका उनके स्तर से या उनकी टीम द्वारा पूर्णतया अनुपालन किया जाएगा। बैठक में डायट प्राचार्य, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, डीएसओ, सभी बीईओ मौजूद रहे।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *