(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर खीरी, 31 जुलाई। श्रावण मास में ‘छोटी काशी’ गोला गोकर्णनाथ धाम की ओर उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने संयुक्त रूप से पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर ड्यूटी के दौरान सतर्कता, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियों के निर्वहन के निर्देश दिए।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाएं, ताकि प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव कर सके।

*09 प्रमुख रास्तों से पहुँचेगी श्रद्धालुओं की कतारें*
यातायात निरीक्षक ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए बताया कि प्रशासन द्वारा जारी योजना के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग कोनों और सीमावर्ती जिलों से आने वाले कांवड़िया 09 निर्धारित प्रमुख मार्गों से होकर गोला मंदिर पहुँचेंगे। बहराइच, लहरपुर (खीरी टाउन), सीतापुर/लखनऊ, शाहजहाँपुर, पीलीभीत और मैंगलगंज दिशा से आने वाले शिवभक्तों के लिए सुरक्षित गलियारे चिह्नित कर दिए गए हैं।

*भारी वाहनों पर ‘रेड सिग्नल’*
कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत भारी वाहनों के आवागमन पर कड़ा अंकुश लगाया गया है। प्रत्येक सोमवार के लिए (शनिवार प्रातः 08:00 बजे से मंगलवार रात्रि 20:00 बजे तक या भीड़ की समाप्ति तक) भारी वाहनों हेतु मार्ग पूर्णतः प्रतिबंधित व डायवर्ट रहेंगे। प्रमुख प्रभावित मार्ग: फरधान-मोहम्मदी, अलीगंज-लखीमपुर, मोहम्मदी-लखीमपुर और खुटार-शाहजहाँपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। सामान्य दिनों की व्यवस्था: सप्ताह के शेष दिनों में यातायात पूर्ववत सामान्य रूप से संचालित होगा।

*सामान्य यात्रियों के लिए बाईपास (डायवर्जन) व्यवस्था*
आमजन और व्यावसायिक वाहनों की सहूलियत के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बाईपास खाका तैयार किया है: *बहराइच से पीलीभीत/शाहजहाँपुर जाने वाले वाहन*: सिसैया चौराहा-धौरहरा-ढकरवा- निघासन-पलिया -भीरा-मैलानी होते हुए खुटार निकलेंगे।*लखीमपुर से शाहजहाँपुर रूट*: छाउछ चौराहा-बेहजम तिराहा-कस्ता-मितौली- मैंगलगंज होकर जाएंगे। *लखीमपुर से सीतापुर रूट*: राजापुर से खीरी टाउन होते हुए लहरपुर के रास्ते सीतापुर का सफर तय करेंगे। *सीतापुर से लखीमपुर आने वाले वाहन*: ओयल से बेहजम तिराहा होकर छाउछ चौराहे से प्रवेश करेंगे।

*क्यूआरटी’ और ‘112’ का अभेद्य घेरा*
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनपद में 14 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और यूपी-112 की 62 पीआरवी मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी। गोला मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त क्यूआरटी भी तैनात रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंटीजेंसी रूट भी तैयार रखा गया है।

*मदद को थमेगा हर हाथ, डायल करें ये नंबर*
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी समस्या या आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष 9454417444, यातायात कंट्रोल रूम 9454844045, मेला पुलिस कंट्रोल रूम 9415777125 तथा यूपी-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed