पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 30 जुलाई । उप्र महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष श्रीमती कमलावती सिंह ने गुरुवार को अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत लखीमपुर खीरी पहुंचकर महिला सुरक्षा, बेटी सम्मान और मातृ-शिशु कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर वहां महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सा सुविधा तथा पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों- कर्मचारियों से संवाद कर सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं को त्वरित, संवेदनशील, सम्मानजनक वातावरण में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन स्टॉप सेंटर में आने वाली महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं, अभिलेखों, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा समन्वय तंत्र की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी पीड़ित महिला को न्याय एवं सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं समय से मिल सकें।
इसके बाद महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष जिला महिला चिकित्सालय पहुंचीं। यहां उन्होंने नवजात कन्याओं के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर बेटियों के जन्म की खुशियां परिवारों के साथ साझा कीं। उन्होंने नवजात बेटियों को स्नेहपूर्वक गोद में लेकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान नवजात कन्याओं के परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटी परिवार की खुशहाली, समाज की शक्ति और राष्ट्र के भविष्य की मजबूत नींव होती है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती कमलावती सिंह ने
जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव, सीएमएस महिला चिकित्सालय डॉ अमित गुप्ता के साथ नवजात कन्याओं को बेबी किट वितरित की। बेबी किट में नवजात शिशु के दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल के माध्यम से बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे बेटियों के प्रति सम्मान बढ़ाने वाला कदम बताया।
भ्रमण के दौरान महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि महिला सुरक्षा, बेटी संरक्षण और मातृ-शिशु कल्याण से जुड़े सभी कार्यक्रम पूरी गंभीरता, जवाबदेही और मानवीय संवेदनाओं के साथ संचालित किए जाएं, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद महिला और बालिका को समय पर सहायता मिल सके।यदि इस कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव, सीएमएस महिला चिकित्सालय डॉ अमित गुप्ता मौजूद रहे।