(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर-खीरी, 22 जुलाई। जिले में पशुधन को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए राष्ट्रीय खुरपका-मुंहपका रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हो गया। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बुधवार को प्रचार वाहनों और पशुपालन विभाग की टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के तहत 22 जुलाई से 8 सितंबर तक जिलेभर में घर-घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि पशु धन ही किसान की असली पूंजी है। अगर पशु तंदुरुस्त रहेंगे तो दूध का उत्पादन बढ़ेगा और किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। इस अभियान का एक-एक टीका हमारे पशुओं को खुरपका और मुंहपका जैसी जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा कवच देगा।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सचान ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर टीकाकरण करेंगी। पशुपालकों को किसी अस्पताल या केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने सभी पशुपालकों से निःशुल्क टीकाकरण का लाभ उठाने और अभियान में सहयोग करने की अपील की।

बताते चलें कि इस अभियान के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हनी सक्सेना को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं पशुपालकों की सुविधा और अभियान से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए सदर पशु चिकित्सालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद मोहन वर्मा को सौंपी गई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed