


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) नगर पालिका परिषद पलिया कलां द्वारा ‘नमस्ते (NAMASTE) योजना’ के अंतर्गत ‘नमस्ते दिवस’ के अवसर पर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं सेप्टिक टैंक की सफाई कार्य में लगे सफाई कर्मचारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों से कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट) का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आग्रह किया तथा सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया।प्रशिक्षण सत्र में सफाई कर्मचारियों को नमस्ते (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) योजना के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। योजना का प्रमुख उद्देश्य सीवर एवं सेप्टिक टैंक की मशीनीकृत सफाई को बढ़ावा देना, जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में मानव प्रवेश को समाप्त करना, सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से सफाई कार्य को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और आधुनिक बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।इस अवसर पर कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली, व्यक्तिगत स्वच्छता, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा पीपीई किट के सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि बिना सुरक्षा उपकरणों के किसी भी कर्मचारी को जोखिमपूर्ण सफाई कार्य नहीं करना चाहिए तथा यथासंभव मशीनीकृत उपकरणों का ही उपयोग किया जाना चाहिए।कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें आधुनिक एवं सुरक्षित कार्य प्रणाली से जोड़ना तथा स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाना है।
