(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)शासन ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए लखीमपुर खीरी में तैनात सात उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) का गैर जनपद तबादला कर दिया है। इसके साथ ही छह नए एसडीएम की जिले में तैनाती की गई है। इस फेरबदल के बाद जिले की सभी तहसीलों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी। ऐसे समय में जब शारदा और घाघरा नदियों के किनारे बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है, नए एसडीएम के सामने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां सबसे बड़ी चुनौती होंगी।
शासन के आदेश के अनुसार एसडीएम सदर अश्वनी कुमार सिंह का तबादला बाराबंकी, मधुसूदन गुप्ता का शाहजहांपुर, डा अवनीश कुमार का हरदोई, राजीव निगम का कुशीनगर, शुभेंदु शेखर सिंह का झांसी, रेणु मिश्रा का सिद्धार्थनगर तथा शशिकांत मणि का देवरिया किया गया है।
वहीं लखीमपुर खीरी में एटा से भावना मित्तल, बदायूं से राशी कृष्णा, प्रतापगढ़ से तनवीर अहमद, झांसी से यदुवीर सिंह, मुरादाबाद से संतदास पंवार तथा गोरखपुर से राजेश प्रताप सिंह की तैनाती की गई है।
प्रशासनिक हलकों में तबादलों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। नए अधिकारियों को जल्द ही तहसीलों का कार्यभार सौंपे जाने और उनके कार्यक्षेत्र का आवंटन किए जाने की संभावना है। जिले में मानसून के सक्रिय होने और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नए एसडीएम के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग भी अहम जिम्मेदारी होगी।
