

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 06 जुलाई : आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सोमवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने तहसील गोला गोकर्णनाथ में “संपूर्ण समाधान दिवस” में आये हुए फरियादियों के समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता से स्वयं संवाद कर उनकी मनोदशा को समझते हुए सहायता प्रदान की जाए।
डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 84 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें 07 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 47, पुलिस 11, आपूर्ति 07, विकास 04, विद्युत 03, बैंक 02, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन 01 और अन्य की 09 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया गया। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ अरुण कुमार सिंह, महक शर्मा, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार भीमसेन सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील पलिया समाधान दिवस में 33 शिकायतें आयीं 02 का हुआ निस्तारण

