


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 04 जुलाई। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की निर्माणाधीन परियोजना का शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पैला स्थित निर्माण स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 22.83 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी विद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने अवशेष शेष कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत डिजाइन और तकनीकी मानकों के अनुरूप हों तथा प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। डीएम ने निर्देश दिए कि परियोजना का समय-समय पर थर्ड पार्टी असेसमेंट भी कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मानकों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त समग्र शैक्षणिक परिसर विकसित किया जा रहा है। इसमें जी+2 मुख्य शैक्षणिक भवन, जी+1 मिड-डे मील भवन, बाल वाटिका, बहुउद्देशीय हॉल, छात्र डॉरमेट्री, स्टाफ एवं प्रधानाचार्य आवास, गार्ड रूम, बाउंड्री वॉल, सोलर सिस्टम, सीसीटीवी, डीजी सेट, अग्निशमन व्यवस्था, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, जलापूर्ति, विद्युत कनेक्शन और बागवानी सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशानुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्यदाई संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की सतत निगरानी करते हुए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं, ताकि निर्धारित अवधि में जिले को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक आदर्श मॉडल कम्पोजिट विद्यालय उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान प्रभारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नंदलाल, खंड शिक्षा अधिकारी बेहजम देवेश राय मौजूद रहे।
