पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 01 जुलाई। जनता दर्शन में बुधवार को मानवता और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल देखने को मिली। तहसील व ब्लॉक लखीमपुर के ग्राम छाउछ निवासी मनोज कुमार (30) और उनकी पत्नी अंजना देवी (25), जो दोनों ही नेत्रहीन हैं, अपनी आजीविका और राशन की समस्या लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह के समक्ष पहुंचे। उनकी व्यथा सुनते ही डीएम ने बिना देर किए अधिकारियों को तलब कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
डीएम ने डीएसओ सीमा त्रिपाठी को मौके पर बुलाकर दंपती की पात्रता से जुड़ी सभी औपचारिकताएं तत्काल पूरी कराईं। जरूरी प्रक्रिया पूर्ण होते ही नेत्रहीन दंपती का अंत्योदय राशन कार्ड जारी करा दिया गया, जिससे अब उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा।
डीएम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पात्र व्यक्ति को केवल औपचारिकताओं के कारण योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। अचानक मिली इस राहत से भावुक दंपती ने डीएम और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जनता दर्शन में मौजूद लोगों ने भी त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय आमजन का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत करते हैं।