(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी )लखीमपुर खीरी, 25 जून। जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने के लिए 28 जून से 06 दिवसीय विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई और रणनीति तय की।

डीएम ने निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे तथा हाई रिस्क क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर धर्मगुरुओं एवं थाना प्रभारियों का सहयोग लेने के भी निर्देश दिए। डीएम ने अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं बाल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को बूथ दिवस पर अधिक से अधिक लोग अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं, ताकि जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य पूर्ण हो सके।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत 7,33,335 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 28 जून को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी, पीएचसी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक बूथ लगाए जाएंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में भी बूथ संचालित होंगे। 29 जून से 03 जुलाई तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी, जबकि 06 जुलाई को मॉप-अप राउंड में छूटे बच्चों को कवर किया जाएगा।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रवि सिंह ने बताया कि अभियान के लिए 1358 टीमें, 112 ट्रांजिट टीमें और 71 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। कुल 1912 बूथ, 381 सुपरवाइजर और 4440 वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं। बैठक में डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, एसएमओ विकास सिंह, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed