(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 19 जून। पीएम विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग हुई। बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री का संबोधन गूंजा तो सभागार में मौजूद लाभार्थियों के चेहरों पर उम्मीद और विश्वास की चमक दिखाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन सहायक श्रमायुक्त मयंक सिंह ने किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की योजनाएं जरूरतमंदों को आर्थिक संबल देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाएं।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि पीएम विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं और श्रमिकों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें नई ऊर्जा और अवसर प्राप्त हो रहे हैं। वहीं सीडीओ अभिषेक कुमार ने इसे केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि यह योजना श्रमिकों और युवाओं को आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।

*श्रमिक परिवारों को मिला आर्थिक संबल*
इस दौरान डीएम, सीडीओ और जिलाध्यक्ष ने ‘निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना’ के अंतर्गत उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से कुल 15 पीड़ित परिवारों (श्रमिकों के आश्रितों) को प्रति लाभार्थी ₹2,00,000 की दर से आर्थिक सहायता दी गई, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें संबल मिल सके। इसके साथ ही श्रमिक कल्याण को बढ़ावा देते हुए ‘मातृत्व, शिशु व बालिका मदद योजना’ के तहत 10 लाभार्थी श्रमिकों को उनके बैंक खातों में ₹20,000 से लेकर ₹31,000 तक की प्रोत्साहन और सहायता राशि के चेक व स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर अधिकारियों ने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने की अपील की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed