(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 17 जून। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं से जुड़े प्रकरणों के प्रति गहरी संवेदनशीलता दिखाई। इस दौरान महिला उत्पीड़न से जुड़े 31 नए मामलों की विस्तार से सुनवाई की गई। इनमें घरेलू हिंसा से संबंधित 06, दहेज उत्पीड़न का 01, जमीनी विवादों के 12, अश्लील हरकतों का 01, साइबर क्राइम के 02 तथा मारपीट एवं लड़ाई-झगड़े के 09 मामले शामिल रहे। संबंधित विभागों को समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्व से आयोग के समक्ष विचाराधीन लंबित प्रकरणों पर भी प्रगति की समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाओं ने आयोग सदस्य के समक्ष अपनी व्यथा खुलकर रखी। उन्होंने पुलिस, पारिवारिक और सामाजिक उत्पीड़न संबंधी मामलों को विस्तार से बताया। श्रीमती सुजीता कुमारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव, महिला चिकित्सालय के डा.अभिषेक साहू, सी.डी.पी.ओ.लखीमपुर प्रियंका कुमारी, महिला थाना थानाप्रभारी बबिता पटेल , परिवार परामर्श केन्द्र की प्रभारी निरीक्षक अर्पित शुक्ला, वन स्टाप सेंटर से रश्मि चतुर्वेदी, विजेता गुप्ता, रश्मि वर्मा, प्रिया तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैनल अधिवक्ता मनीषा मिश्रा सहित विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में फरियादी, अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

*जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव: नवजात 6 बेटियों का भव्य स्वागत, बेबी किट भेंट कर मनाया जश्न*
जिला महिला चिकित्सालय में बुधवार को कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी लवकुश भार्गव तथा सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता के साथ नवजात छह कन्याओं का स्वागत कर उन्हें बेबी किट प्रदान किए और जन्मोत्सव मनाया।

इस अवसर पर अस्पताल परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। नवजात कन्याओं के परिजनों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। अतिथियों ने कन्या जन्म को समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़कर परिवार और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। इस दौरान नवजात बालिकाओं को आवश्यक देखभाल सामग्री युक्त बेबी किट वितरित की गई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *