





(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 17 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विकास, विश्वास और जनकल्याण की तस्वीर मंगलवार को विलोबी मैदान में जीवंत नजर आई। जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुई तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी और प्रदेशमंत्री अर्चना मिश्रा ने संयुक्त रूप से सीडीओ अभिषेक कुमार की मौजूदगी में किया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को चित्रों, मॉडलों और डिजिटल माध्यमों से आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में ‘विकसित उत्तर प्रदेश-2047’, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान की योजनाओं के साथ एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, धार्मिक स्थलों के विकास और मजबूत कानून-व्यवस्था की झलक देखने को मिली। अतिथियों ने करीब 25 विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी सौंपा गया। धात्री महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूलकिट, पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मकान की चाबियां, आयुष्मान कार्ड तथा सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए।
मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्रों से सजा सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। युवाओं और महिलाओं ने जमकर सेल्फियां लीं। वहीं एलईडी वैन पर 12 वर्षों की विकास यात्रा दिखाने वाली वीडियो फिल्म ने भी लोगों का ध्यान खींचा। फिल्म के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
बीजेपी प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश व प्रदेश आत्मनिर्भरता और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। सभी विभागों को लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रदर्शनी 20 जून तक चलेगी, जहां आमजन विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ उनका लाभ भी उठा सकेंगे।
*इनकी रही मौजूदगी*: बीजेपी जिला महामंत्री राजेश कुमार सिंह, बीजेपी नेता कुलभूषण सिंह, जितेंद्र साहनी, डॉ अखिलेश वर्मा, उमाशंकर मिश्र, पन्नालाल अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता,डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ विशाल सिंह, डीसी- एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, डीपीओ भारत प्रसाद, डीसीओ, डीएसडब्लूओ वंदना सिंह, उपायुक्त उद्योग रूपेश कुमार, एडीआईओ नरेंद्र कुमार, प्रचार सहायक लोकेश कुमार गुप्ता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
