(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां(खीरी) संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के मध्य समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दिनांक 11.06.2026 को शारदा नदी के किनारे स्थित दौलातापुर गाँव में बाढ़ आपदा प्रबंधन संबंधी मॉक एक्सरसाइज (मॉक ड्रिल) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया । इस अभ्यास में शारदा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने तथा पुल/रेलवे लाइन के कट जाने से उत्पन्न होने वाली आपदा की काल्पनिक स्थिति का प्रदर्शन किया गया । यह मॉक ड्रिल आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय स्थापित करने, संसाधनों की त्वरित उपलब्धता, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता तथा समयबद्ध प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने एवं स्थानीय समुदाय को आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित की गई । इस अभ्यास में 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), उत्तर प्रदेश पुलिस, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों तथा ग्रामीण स्वयंसेवक दल ने सक्रिय सहभागिता निभाई । मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन चेतावनी प्रसारण, प्रभावित व्यक्तियों की सुरक्षित निकासी, अस्थायी राहत शिविर की स्थापना, प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण तथा वैकल्पिक संचार एवं आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का सफल प्रदर्शन किया गया । ग्रामीणों को माइक, सायरन एवं मोबाइल संदेशों के माध्यम से सतर्क किया गया तथा नावों एवं रबर बोट की सहायता से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया । इसके अतिरिक्त राहत शिविर में पेयजल, भोजन एवं चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था का भी प्रदर्शन किया गया । स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि अन्य विभागों द्वारा आपदा के समय आवश्यक समन्वय एवं संसाधन प्रबंधन की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया । स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वयंसेवकों के रूप में राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान किया ।
इस संपूर्ण अभ्यास में 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया की तरफ से श्री पियूष प्रकाश, सहायक कमांडेंट सहित कुल 09 बलकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की । मॉक ड्रिल के सफल आयोजन ने यह प्रदर्शित किया कि सशस्त्र सीमा बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा जनहित से जुड़े दायित्वों के निर्वहन हेतु भी पूर्ण रूप से सक्षम एवं सदैव तत्पर है ।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *