


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 09 जून। सुशासन को समर्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 05 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सभी नगरीय निकायों में व्यापक स्वच्छता -जागरूकता अभियान चलाया गया।
*प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं बना रहीं आत्मनिर्भर भारत : विजय शुक्ला रिंकू*
गोला गोकर्णनाथ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 8 जून से 14 जून तक चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मथुरा नगर वार्ड संख्या-2 में जन-जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद गोला अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू एवं ईओ मुकेश मिश्र ने किया।
इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।
अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आमजन के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को इन योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना है। कार्यक्रम के अंत में सभासद इजरान अहमद ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नेता लालता प्रसाद गौतम, राम प्रसाद गौतम, नामित सभासद शत्रोहन मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रविंद्र कटियार, भाजपा नगर मंत्री कैलाश गुप्ता, शक्तिकेंद्र संयोजक ऋषि गुप्ता, लवकुश अवस्थी, अभिषेक, राधेश्याम, पंकज, बलराम, सफाई, खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा, लेखाकार मोहित अवस्थी, सफाई नायक दिलीप वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
*प्लास्टिक छोड़ें, चार डिब्बों में बांटें कचरा*
लखीमपुर खीरी। समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद ने कमलापुर स्थित गोटैयाबाग मलिन बस्ती में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विशाल शुक्ला व मुरारी लाल सूर्यवंशी ने लोगों को पॉलीथिन के दुष्प्रभाव बताते हुए पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
उन्होंने घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण का महत्व समझाया और प्रत्येक घर में चार डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया। बताया कि हरे डिब्बे में गीला, नीले में सूखा, लाल में घरेलू खतरनाक तथा काले में अन्य अनुपयोगी कचरा रखा जाए। इस दौरान आयुष्मान भारत, पीएम आवास, उज्ज्वला, पीएम स्वनिधि व सूर्यघर समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बस्तीवासियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और बस्ती को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
