(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 09 जून। जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन महिला बंदी अनीता (55) पत्नी बदलू निवासी सैदापुर, थाना फूलबेहड़ की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। अपर उपजिलाधिकारी अर्चना ओझा द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में घटना से संबंधित जानकारी रखने वाले व्यक्तियों से 16 जून को उपस्थित होकर अपना साक्ष्य एवं अभिकथन प्रस्तुत करने का आह्वान किया गया है।
जानकारी के अनुसार अनीता आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) के तहत दर्ज मुकदमे में 8 मई 2026 को जिला कारागार में निरुद्ध की गई थी। कारागार में रहते हुए उनकी तबीयत खराब होने पर जेल चिकित्साधिकारी द्वारा उपचार किया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 9 मई की शाम उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सीवीए की आशंका व्यक्त करते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया।
केजीएमयू में भर्ती महिला बंदी का उपचार जारी था, जहां 11 मई 2026 को प्रातः 5:07 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम के आदेश पर मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है।अपर उपजिलाधिकारी अर्चना ओझा ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले व्यक्ति 16 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित न्यायालय कक्ष संख्या-22 में उपस्थित होकर अपना पक्ष, साक्ष्य अथवा अभिकथन प्रस्तुत कर सकते हैं।
