

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) दिनांक 04 जून 2026 को नगर पालिका परिषद पलिया कलां की बोर्ड बैठक पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता की अध्यक्षता में पालिका सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में नगर के पुलिस चौकी क्षेत्र से पुराने बस स्टैंड तक सड़क के सौंदर्यीकरण कार्य पर विचार-विमर्श किया गया तथा नगर के सभी चौराहों एवं प्रमुख स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था हेतु स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त नगर के तालाबों एवं पार्कों की सौंदर्यता और उपयोगिता बढ़ाने के उद्देश्य से उनके सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता ने कहा कि नगर के समग्र विकास, स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के निर्माण तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है।
बैठक में उपस्थित सम्मानित सभासदों एवं नामित सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों एवं नगरहित से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा जनहित के विभिन्न प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी, समस्त सभासदगण, नामित सदस्यगण उपस्थित रहे।
