(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 22 मई 2026। जनपद खीरी पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक विस्तृत “जिला बॉर्डर सीलिंग योजना” तैयार कर लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 80 बॉर्डर पॉइंट चिन्हित किए गए हैं, जहाँ आकस्मिक चेकिंग तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सीमा सील करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य अंतरजनपदीय एवं जिले की बाहरी सीमाओं पर संभावित आपराधिक गतिविधियों को रोकना, फरार अपराधियों की धरपकड़ करना, अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा किसी भी अप्रिय घटना के तुरंत पश्चात् त्वरित एवं प्रभावी पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करना है। चिन्हित सभी पॉइंट्स पर संबंधित थानों एवं चौकियों से न्यूनतम समय में पहुँचकर चेकिंग प्रारंभ करने की व्यवस्था की गई है।
योजना की प्रमुख विशेषताएँ:
1. कुल चिन्हित बॉर्डर पॉइंट: 80 (अस्सी)
2. प्रत्येक पॉइंट पर थाने/चौकी से दूरी एवं पहुँचने का अनुमानित समय अभिलेख में दर्ज किया गया है।
3. हरदोई, शाहजहाँपुर, लखीमपुर सहित अन्य महत्त्वपूर्ण बॉर्डर क्षेत्रों से जुड़े मार्गों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
4. योजना के अंतर्गत थाना प्रभारी एवं सर्किल अधिकारी स्तर पर स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
5. किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल बॉर्डर सील कर अपराधियों के पलायन को रोकने की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जनपद खीरी पुलिस इस योजना के माध्यम से जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
