(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी)लखीमपुर खीरी, 29 अप्रैल। कड़ी धूप के बीच
बुधवार को ब्लॉक नकहा स्थित वृहद गो आश्रय स्थल भानपुर का डीएम अंजनी कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने गोवंश संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए हर पहलू को बारीकी से परखा और स्पष्ट निर्देश दिए कि गो संरक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने गो आश्रय स्थल में संरक्षित निराश्रित गोवंश की स्थिति, भूसा संग्रहण, खान-पान एवं समग्र प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने गोवंश की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त शेड निर्माण के निर्देश देते हुए व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि गोवंश के भोजन, स्वास्थ्य और नियमित चिकित्सा परीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मौके पर पंजिकाओं का भी अवलोकन किया और अभिलेखों के अद्यतन व पारदर्शी रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने बीडीओ और पशु चिकित्सा अधिकारी को आपसी समन्वय बनाकर गो आश्रय स्थल को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शासन की मंशानुरूप गोवंश संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही डीएम ने गौशाला परिसर के निकट चारागाह भूमि पर नेपियर घास उत्पादन की प्रगति का भी जायजा लिया और इसे और अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के अंत में डीएम ने व्यवस्थाओं को समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से बेहतर करने के सख्त निर्देश देते हुए अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

निरीक्षण में भूसे का पर्याप्त भंडारण मिला, लेकिन खुले में रखे जाने पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने नाराजगी जताई। निर्देश दिए कि बारिश से नुकसान की आशंका को देखते हुए भूसे का तत्काल सुरक्षित व व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान बीडीओ संगीता यादव, पशु चिकित्सा अधिकारी नकहा मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *