(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 27 अप्रैल। उप्र होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट 2026 के तीसरे और अंतिम दिन जनपद में 16 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को अभ्यर्थियों ने कड़ी सुरक्षा निगरानी में दोनों पाली की परीक्षा दी। इस दौरान दोनों पालियों में बुलाए गए 13056 में से 10052 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए जबकि 3004 ने गैर हाजिर रहकर परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग समेत सेक्टर मजिस्ट्रेट सतत भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे। वही स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहे।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने दोनों सत्रों की परीक्षा में भ्रमणशील रहकर जनपद खीरी में स्थित परीक्षा केंद्रों (पॉलिटेक्निक स्कूल, जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर परीक्षा को सकुशल एवं शुचितापूर्ण सम्पन्न कराने जरूरी निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने परीक्षार्थियों हेतु भौतिक सुविधाओं-सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों को चैक किया व संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा में आयोग के शत प्रतिशत निर्देशों के अनुपालन के निर्देश दिए। वही सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी भ्रमणसील रहकर अपने सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए पूरी परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया।

हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट व इंस्पेक्टर की अगुवाई में भारी पुलिस बल व महिला सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मेटल डिटेक्टर, फोटो स्कैनर, बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश कराया गया। परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी ओएमआर शीट जमा कराने के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई। दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

*सकुशल संपन्न हुई परीक्षा, डीएम ने दी बधाई*
जिले के 16 केंद्रों पर संचालित उप्र होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण, नकल विहीन, सकुशल, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर जहां एक और प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं डीएम अंजनी कुमार सिंह ने परीक्षा को संपन्न कराने में अहम किरदार निभाने वाले परीक्षा के नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं कार्मिको को शुभकामनाएं दी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed