(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- खीरी लखीमपुर 07 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी पर जिले के सभी गो आश्रय स्थलों में गो माताओं की पूजा हुई। गुरुवार को गो आश्रय स्थल को साफ-सुथरा कर अफसरों के साथ जन प्रतिनिधियों ने गो माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चन करते हुए उन्हें गुड़, केला व हरा चारा खिलाकर आर्शीवाद लिया।

गुरुवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सीडीओ अनिल कुमार सिंह के साथ तहसील व ब्लॉक लखीमपुर की गो आश्रय स्थल मुड़ियाखेड़ा पहुंच कर पूरे विधि विधान से गौ माता का पूजन किया। साथ ही उनको माला पहनाई। गायों को गुड़, केला व हरा चारा खिलाकर उनकी पूजा की गई। इस मौके पर डीपीआरओ सौम्यशील सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सोमदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जन्माष्टमी के पर्व पर गो-माता की विशेष पूजा किये जाने की परम्परा है। इसी क्रम में जिले के सभी गौ आश्रय स्थलों पर गो-पूजन का आयोजन हो रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधि, अफसर एवं आमजन भी शामिल हो रहे हैं। डीएम ने कहा कि गौ अभिलाषित फल देने वाली है, गौ से उत्तम और कोई नहीं है। शासन गो संरक्षण का कार्य कर रहा है। गोवंश सुरक्षित रहें, इसके प्रयास किए जा रहे हैं।

पूजन के उपरांत डीएम व सीडीओ ने गो आश्रय स्थल मुड़ियाखेड़ा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सीपीयू को निर्देश दिए कि वहां पर गोवंशो के लिए दो अतिरिक्त शेड बनवाए जाएं।डीएम के निर्देश पर सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों ने आवंटित गो आश्रय स्थलों में पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ पूरे विधि विधान से गौ माता का पूजन अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने आश्रय स्थल की मुकम्मल व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *