(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- खीरी लखीमपुर 31 अगस्त। कटान प्रभावित क्षेत्र में अफसरो के पहुंचने का लगातार सिलसिला जारी है। गुरुवार को पुनः डीएम महेंद्र बहादुर सिंह सिंचाई एवं जल संसाधन महकमे के अफसरो संग तहसील सदर, ब्लॉक फूलबेहड़ के ग्राम जंगल नंबर 10 के मजरा धोबियाना पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ स्थलीय भ्रमण कर न केवल कटान की विभीषिका देखी बल्कि ग्रामीणों से संवाद करते हुए पूरी वस्तुस्थिति जानी।

डीएम ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के
सिंचाई खंड शारदा नगर अधिशासी अभियंता जेपी सिंह व बाढ़ खंड डिवीजन के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार संग कटान स्थल का बारीकी से मुआयना कर हर पहलू पर गहन मंथन करते हुए समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान नदी लूप बनाकर प्रवाहित हो रही है। इस संबंध अपना अभिमत देते हुए संबंधित अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह एरिया फ्लड प्लेन जोन है, जहां नदी अपने प्राकृतिक स्वरूप में प्रवाहित हो रही है। मानसून अवधि में नदी का जलस्तर बढ़ने पर पूरे फ्लड जोन में नदी फैल कर बहती है, जिससे जलभराव होने से सतत फ्लड फाइटिंग किया जाना असंभव है। अतः उक्त स्थल पर कोई बाढ़/कटानरोधी कार्य किया जाना न तो तकनीकी दृष्टि से साध्य है। न ही भविष्य के लिए प्रभावी होगा। फ्लड प्लेन जोन में कोई बाढ़रोधी कार्य किया जाना शासनादेश के अनुक्रम में अनुमन्य भी नही है।

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कटान की इस विभीषिका को देखते हुए एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह को निर्देशित किया कि कटान प्रभावित क्षेत्र के समीप रहने वाले ग्रामीणों को सेफ जोन में रखा जाए। प्रभावित ग्रामीणों को सूचीबद्ध करते हुए सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाए। इस दौरान उनकी सभी मूलभूत जरूरत का भी विशेष ध्यान रखा जाए। डीएम ने ग्रामवासियों से संवाद करके हुए आग्रह किया कि सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट हो जाएं। आश्वस्त किया प्रशासन ग्रामवासियों की हर संभव मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

इस दौरान एसडीएम श्रद्धा सिंह, नायब तहसीलदार अश्विनी कुमार, प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव, सहायक अभियंता अंबकेश मिश्रा, बाढ़खंड डिवीजन के अवर अभियंता धर्मेंद्र सिंह, सिंचाई खंड शारदा नगर के अवर अभियंता वैभव पाठक, शिव वर्मा सहित राजस्व एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *