पलिया कलां (खीरी) नगर के विकास, जनसुरक्षा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद पलिया कलां की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता के निरंतर प्रयासों से पलिया नगर को तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से जहां नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं नागरिकों को आवागमन में भी बड़ी राहत मिलेगी।
नगर को सुरक्षित बनाने की दिशा में सेफ सिटी योजना के अंतर्गत नगर के प्रमुख चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए शासन स्तर से एक करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होनी है। इससे नगर की निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा अपराधों की रोकथाम और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। यह पहल नगरवासियों, व्यापारियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
वहीं, नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण हेतु भी धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इनमें सोहन पान वाले से सिंगहिया तिराहे तक सड़क निर्माण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया मोड़ से मौनी बाबा तिराहे तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। शीघ्र ही इन दोनों सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता ने कहा – तीन बड़ी सौगात, विकास की नई रफ्तार! उन्होंने बताया कि नगर का सर्वांगीण विकास, नागरिकों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगरवासियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और प्रयास है कि पलिया कलां को एक सुरक्षित, स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त नगर बनाया जाए।पलिया नगर में सुरक्षा से लेकर सड़क सुविधा तक हो रहे ये प्रयास निश्चित रूप से विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम हैं। नगरवासियों के सहयोग और सहभागिता से पलिया कलां को एक बेहतर नगर बनाने का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है।