(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 18 नवंबर। किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि योजनाओं की जानकारी और खेती को अधिक टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। बैठक में स्व जनगणना को लेकर किसानों को जागरूक करने के साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

*खेती में प्राकृतिक पद्धतियों को दें बढ़ावा*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी वर्तमान कृषि गतिविधियों एवं खेती से जुड़ी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि योग्य भूमि के कम से कम एक हिस्से में प्राकृतिक अथवा जैविक खेती अवश्य अपनाएं। इससे खेती को टिकाऊ बनाने के साथ मृदा की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

डीएम ने कहा कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष जनपद में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी आई है। इस सकारात्मक स्थिति को बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जाए। उन्होंने डीडी कृषि को निर्देश दिए कि पराली जलाने की किसी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाए।

बैठक के प्रारंभ में डीडी कृषि गिरीश चंद्र ने डीएम, सीडीओ सहित उपस्थित अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालकों का स्वागत किया। इस दौरान स्व जनगणना से संबंधित पंपलेट वितरित कर किसानों को इसकी प्रक्रिया एवं महत्ता के प्रति जागरूक किया गया। उप कृषि निदेशक ने सभी किसानों से स्व जनगणना में अनिवार्य रूप से सहभागिता करने की अपील की।

जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर भी रबी सीजन के बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

किसान दिवस में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित 100 से अधिक किसान उपस्थित रहे। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed