(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 15 अक्टूबर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान एवं अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर जनपद स्तरीय मिलेट्स किसान मेला एवं रबी उत्पादकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, पोषण सुरक्षा और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं समूहों को सम्मानित किया गया। वहीं, फार्म मशीनरी बैंक के तहत पांच किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक योगेश वर्मा, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता जनपद के विकास की आधारशिला है। पात्र महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सदर विधायक योगेश वर्मा ने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियां दूर करने पर जोर दिया।

*स्टॉलों का किया अवलोकन, महिलाओं को दी योजनाओं की जानकारी*
विधायकों, डीएम और सीडीओ ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं एवं समूहों को शॉल और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उद्यान विभाग की ओर से सब्जी मिनीकिट भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। उपस्थित महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार तथा सहायता सेवाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। गोष्ठी में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक लखनऊ मंडल, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला किसान, कृषक और स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं मौजूद रहीं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *