(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 25 सितंबर। तराई के थारू अंचल में बच्चों की प्रतिभा, संस्कार और संस्कृति का रंग दिखाई दिया। मौका था चंदन चौकी स्थित प्रताप नारायण मिश्र स्मारक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित थारू जनजाति के मध्य युवा संवाद कार्यक्रम का। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि संस्कार, भाषा और संस्कृति केवल पहचान नहीं, बल्कि राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। अपनी जड़ों से जुड़कर ही बच्चे देश का मजबूत भविष्य बन सकते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शिक्षाविद नीरज सिंह और प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियां देकर माहौल को जीवंत कर दिया। थारू अंचल की धरती पर संस्कृति और प्रतिभा का यह संगम कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।

*प्रतिभा को मिला सम्मान, छात्रावास में बांटे कंबल*
प्रांत स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डीएम ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को कंबल भी वितरित किए गए। डीएम ने बच्चों के अनुशासन, संस्कार और सांस्कृतिक जुड़ाव की सराहना करते हुए कहा कि सुदूर क्षेत्र में रहकर भी विद्यार्थियों का अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए रखना प्रेरणादायी है।

*मोबाइल की चमक नहीं, लक्ष्य की रोशनी जरूरी*
युवाओं से संवाद करते हुए डीएम ने कहा कि छात्र जीवन ऊर्जा और संभावनाओं से भरा होता है। यही समय भविष्य की दिशा तय करता है। मोबाइल और सोशल मीडिया की आभासी दुनिया में अनावश्यक समय गंवाने के बजाय विद्यार्थी अपने लक्ष्य, अध्ययन और आत्मविकास पर ध्यान दें। लक्ष्य स्पष्ट होगा तो मेहनत सही दिशा में होगी और सफलता की राह भी आसान होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कहा कि अपनी भाषा, संस्कृति और संस्कारों पर गर्व करने वाला युवा ही आत्मविश्वास के साथ देश और समाज को नई दिशा दे सकता है।

*जड़ों से जुड़े रहो, आसमान छूने का हौसला रखो*
डीएम के संबोधन में युवाओं को संदेश साफ था-आधुनिक बनो, लेकिन अपनी जड़ों को मत भूलो। तकनीक का इस्तेमाल करो, लेकिन उसके गुलाम मत बनो। लक्ष्य बड़ा रखो और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करो। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अध्यक्ष फूलचंद राणा, प्रबंधक सलिल अग्रवाल, प्रधानाचार्य बलदेव श्रीवास्तव सहित गणमान्य नागरिक, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed