(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर-खीरी, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत शाम होते ही जिले के विभिन्न स्थान दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

सेटघाट पर विधायक सदर योगेश वर्मा ने सीडीओ योगानंद पाण्डेय के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया। मेडिकल कॉलेज देवकली में डीएम अंजनी कुमार सिंह, विधायक श्रीनगर मंजू त्यागी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच चिकित्सकों और एमबीबीएस के छात्रों के साथ ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया। नगर पालिका क्षेत्र लखीमपुर स्थित गुरु गोविंद सिंह चौक पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ईरा श्रीवास्तव, ईओ संजय कुमार ने आमजन और विभिन्न योजना के लाभार्थियों संग दीप प्रज्ज्वलित किए। जिले के अन्य क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की।

*दीपों की लौ में दिखा सेवा का संकल्प*
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सम्मान और कृतज्ञता की भावना को जनभागीदारी से जोड़ा गया। विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन के दौरान लोगों ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता ने इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया।

डीएम अंजनी कुमार सिंह और जनप्रतिनिधियों के निर्देशन में अभियान के कार्यक्रमों का जिलेभर में समन्वित आयोजन कराया जा रहा है। संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन, आपसी समन्वय और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से अभियान को जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

*17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान*
‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा। अभियान में ‘आशीर्वाद का दिया’, सेवा दिवस, सेवा सेतु और रंगोली सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जलाए गए दीपों ने जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को जनभागीदारी से जोड़ा और सेवा, सहयोग तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed