पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर-खीरी, 17 सितंबर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासपरक परियोजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रदर्शनी आयोजित की गई। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीरज वर्मा, विधायक योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ योगानंद पाण्डेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में प्रदेश स्तर पर जनहित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं सरकार की उपलब्धियों को चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
शुभारंभ के अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से प्रदेश में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली। विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी सार्थक है, जब उसका लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को योजनाओं की समुचित जानकारी हो। इस दृष्टि से प्रदर्शनी जनजागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की पहल कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। प्रदर्शनी में प्रदेश की विकास यात्रा और जनहित में किए जा रहे कार्यों की झलक एक ही स्थान पर देखने को मिल रही है।