(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 11 जुलाई। जिले में सफल कार्यकाल के उपरान्त स्थानान्तरित होने वाले लोकप्रिय सीडीओ अभिषेक कुमार को मंगलवार शाम जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा विकास भवन सभागार में पुष्पगुच्छ व पुष्पमाला पहनाकर भावभीनी विदाई दी। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को सराहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में डीएम अंजनी कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, डीसी जीरामजी समेत सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने निवर्तमान सीडीओ को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, बुके एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने उनके दो वर्ष से अधिक के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सीमित सेवा अनुभव के बावजूद निवर्तमान सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रशासनिक परिपक्वता, सौम्यता, धैर्य और कार्य के प्रति समर्पण का अनुकरणीय परिचय दिया। कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन में सीडीओ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डिजिटल लाइब्रेरी, क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली सहित विभिन्न नवाचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यों के प्रति उनकी गंभीरता और जिम्मेदारी के कारण उन्हें कई मामलों में निश्चिंतता रहती थी। उन्होंने निवर्तमान सीडीओ के लखनऊ में नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई जिम्मेदारी में उन्हें परिवार के लिए भी अधिक समय मिल सकेगा। निवर्तमान सीडीओ अभिषेक कुमार के विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। दो वर्ष दो माह के कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने डीएम समेत जिले की पूरी टीम के सहयोग के प्रति आभार जताया। कहा कि टीम भावना और बेहतर समन्वय से जनपद ने विकास रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए लगातार टॉप-10, टॉप-5 और टॉप-3 में स्थान बनाया।
उन्होंने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में 1,000 तालाबों का निर्माण, 1,000 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में खेल मैदान, एनआरएलएम में लगातार सात माह प्रदेश में प्रथम स्थान तथा प्राथमिक विद्यालयों में गत वर्ष की तुलना में करीब 8,000 अधिक बच्चों के नामांकन का उल्लेख किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को संदेश दिया कि निर्णय में देरी गलत निर्णय से भी अधिक नुकसानदायक होती है। स्वयं को लाभार्थी की जगह रखकर समयबद्ध निर्णय लेने से जनता को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है।
पीडी सतीश कुमार पाण्डेय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि निवर्तमान सीडीओ से उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक दक्षताओं व विधाओं को सीखा है। उनके पास प्रशासनिक व सामाजिक अनुभवों का अपार भंडार है। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल और व्यवहार की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी जिला स्तरीय अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed