(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 25 अगस्त। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में पलिया विधायक एवं समिति अध्यक्ष रोमी साहनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनपद में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सदर विधायक योगेश वर्मा, ब्लॉक प्रमुख लखीमपुर दिव्या सिंह, नकहा पवन गुप्ता, मोहम्मदी महेंद्र बाजपेई एवं बेहजम बीना राज, सीडीओ अभिषेक कुमार, डीएफओ तापस मिहिर, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता,डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, पीडी सतीश कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। परियोजना निदेशक (डीआरडीए) सतीश कुमार पाण्डेय ने जनप्रतिनिधियों को आवंटित धनराशि के सापेक्ष कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति अध्यक्ष रोमी साहनी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

सड़क एवं सेतु निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों की स्थिति जानी गई। समिति अध्यक्ष ने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा में पीएम किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। गन्ना विभाग से किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति जानी गई। संबंधित अधिकारियों को चीनी मिल प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर किसानों का शत-प्रतिशत गन्ना भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण विभाग की सामूहिक विवाह योजना तथा डॉ.भीमराव आंबेडकर पार्कों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार की भी समीक्षा हुई।

समिति अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में ऐसी संस्था अथवा कंपनी का चयन न किया जाए, जिसका पूर्व कार्य संतोषजनक न रहा हो। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रोजेक्ट अलंकार और मिशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। जल निगम (ग्रामीण) की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा गया। विद्युत विभाग की समीक्षा में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed