(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 24 अगस्त। जमीन-जायदाद की खरीद-फरोख्त से जुड़ी स्टांप दरों में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में संपत्तियों के पुनरीक्षित मूल्यांकन की प्रस्तावित सूची तैयार कर ली गई है। अब आम लोगों को इस सूची पर अपनी राय और आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 29 अगस्त 2026 तक सुझाव या आपत्ति लिखित रूप में दी जा सकती है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्टांप (सम्पत्ति का मूल्यांकन) नियमावली, 1997 तथा उसके संशोधित प्रावधानों के तहत जनपद में पुनरीक्षित मूल्यांकन सूची प्रभावी की जानी है। इसका प्रस्तावित प्रारूप जिले के सभी उप निबंधक कार्यालयों तथा सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय में उपलब्ध है।
*दरें बदलने से पहले जनता की बारी*
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि प्रस्तावित मूल्यांकन सूची को देखकर यदि किसी संपत्ति के मूल्यांकन को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति है तो उसे निर्धारित समय सीमा में दर्ज कराएं। इसके बाद प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। सुझाव या आपत्ति सहायक महानिरीक्षक निबंधन/सहायक आयुक्त स्टांप, लखीमपुर खीरी, कक्ष संख्या-33, कलेक्ट्रेट परिसर अथवा संबंधित उप निबंधक कार्यालय में लिखित रूप से प्रस्तुत की जा सकती है।
प्रस्तावित मूल्यांकन सूची को लेकर आम जनता की राय महत्वपूर्ण है। लिहाजा संबंधित संपत्ति स्वामियों और आम नागरिकों से समय रहते सूची का अवलोकन कर अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज कराने की अपील की गई है। 29 अगस्त के बाद आपत्ति दर्ज कराने का मौका नहीं रहेगा।
