(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 19 अगस्त। तहसील निघासन क्षेत्र में नदी किनारे बसे गांवों में पानी का असर दिखाई देने लगा है। विकासखंड निघासन की ग्राम पंचायत लुधौरी के मजरा नया पुरैना और पुराना पुरैना को जाने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। कई स्थानों पर पानी घरों तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय से आवश्यक सहायता उपलब्ध हो सके, इसके लिए राजस्व विभाग की टीम गांव में कैंप कर लगातार स्थिति पर नजर रख रही है।

ट्रैक्टर पर सवार होकर गांव पहुंचे एसडीएम

ग्रामीणों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए उप जिलाधिकारी निघासन यदुवीर सिंह स्वयं तहसीलदार निघासन देवेंद्र मणि त्रिपाठी,नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार एवं क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर नया पुरैना और पुराना पुरैना पहुंचे। जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने के बावजूद एसडीएम ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित किए तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
एसडीएम ने राजस्व टीम को निर्देश दिए कि जलस्तर और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। प्रभावित परिवारों की जरूरतों का आकलन करते हुए उन्हें आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

*स्वास्थ्य टीम भी गांव में सक्रिय*

जलभराव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी सक्रिय किया गया है। स्वास्थ्य कर्मी गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। लोगों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *