


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 17 अगस्त। उचित दर विक्रेताओं के लिए सोमवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। प्रदेश सरकार ने कोटेदारों का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया। साथ ही उचित दर दुकानों के संचालकों को नई पहचान देते हुए उन्हें ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाने की घोषणा की। लाभांश बढ़ने से जिले के 1,486 उचित दर विक्रेता सीधे लाभान्वित होंगे।
कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि और सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक व्यवस्था का भी शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और उचित दर विक्रेताओं ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सीएम योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उचित दर विक्रेताओं के हितों का लगातार ध्यान रख रही है। लाभांश में वृद्धि से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। कहा कि सीएम ने उचित दर विक्रेताओं का मान बढ़ाते हुए उन्हें नई पहचान देने की घोषणा की। अब उचित दर दुकानों से जुड़े संचालकों को ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाना जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि लाभांश में वृद्धि का निर्णय कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलने के साथ सम्मान और मनोबल भी बढ़ेगा। नई पहचान उनके कार्य की महत्ता को और प्रतिष्ठा प्रदान करेगी।
डीएसओ सीमा त्रिपाठी ने कार्यक्रम की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लाभांश में वृद्धि सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के परिश्रम का सम्मान है। इससे न केवल उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
*कोटेदारों ने सरकार का जताया आभार*
उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने पर कोटेदार संगठन के जिलाध्यक्ष करनपाल सिंह, सहित अन्य पदाधिकारियों ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए लाभांश से कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ नाम दिए जाने का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह निर्णय कोटेदारों के सम्मान और प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाला है।
