
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) उत्तर प्रदेश शासन तथा उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के आदेश के अनुपालन के क्रम में आज दिनांक 12/08/2026 को श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पलिया कलॉ, लखीमपुर खीरी में “तिरंगा रैली” धूमधाम से निकाली गयी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० सूर्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान केवल हमारे घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की विविधता, एकता, साहस, शौर्य एवं शान्ति का प्रतीक हैं। इसके तीनों रंग तथा अशोक चक्र हमें अपने कर्तव्यों, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं के आहवान करते हुए कहा कि इस वर्ष भी हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत विद्यार्थी अपने घर तथा अपनी संस्था में आजादी का पर्व धूम-धाम से मनायें। आयोजित रैली में छात्र-छात्राओं ने देश प्रेम से सम्बन्धित नारे ‘वन्देमातरम्’, भारत माता की जय, हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झण्डा ऊँचा रहे हमारा का हर्षोल्लास के साथ उद्घोष किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ० वसीम खान, वरिष्ठ सहायक विश्राम, कनिष्ठ सहायक आकर्ष विश्वकर्मा, अजय कुमार यादव, अशोक, धोखेराम, परविन्दर राना उपस्थित रहे।
