(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) दिनांक26.07.2026 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया में कारगिल युद्ध के दौरान राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की पावन स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया । इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं बलकर्मियों द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई । कार्यक्रम के दौरान वाहिनी कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला । उन्होंने वर्ष 1999 में भारतीय सेना द्वारा विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रदर्शित अदम्य साहस, पराक्रम, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति का उल्लेख करते हुए कारगिल के वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया । उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का त्याग प्रत्येक सैनिक को राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है । साथ ही उन्होंने सभी बलकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से करने का आह्वान किया । श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया । इस अवसर पर वाहिनी कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी सहित वाहिनी के अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं समस्त बलकर्मी उपस्थित रहे ।