(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 18 जुलाई। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर के लोकसभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार ने एक ओर जहां फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, वहीं दूसरी ओर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की।

जनसुनवाई के दौरान डीएम व एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोषजनक निस्तारण करें और भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्यवाही करे।

इस समाधान दिवस में कुल 61 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत हुए, जिनमें से 06 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 29, पुलिस विभाग की 14, विकास विभाग की 07, आपूर्ति 06 और विद्युत विभाग की 03, कृषि की 02 शिकायतें शामिल रहीं। सभी प्रार्थना पत्रों को पृष्ठांकित कर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु सौंपा गया। इस दौरान एसडीएम चलुवराजू आर, तहसीलदार मुकेश कुमार, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह सहित जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

*समाधान दिवस पर मुस्कुराए चेहरे : लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात*

संपूर्ण समाधान दिवस जनपद में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का साक्षी बना। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने स्वयं लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सौंपा। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र प्रदान किए। वही 05 लाभार्थियों को पौध का वितरण किया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *