(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां(खीरी)लखीमपुर खीरी 30 जून। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और गति देने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय)/जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक का संचालन सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि सभी अधीक्षक लीडरशिप रोल लेते हुए अपने-अपने ब्लॉक में स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराते हुए डेली मॉनिटरिंग करें। मरीज व उनके तीमारदारों से चिकित्सक बेहतर व्यवहार करें। सीएचसी व पीएचसी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए। निर्देश दिए कि सभी पोर्टल्स पर फीडिंग को अपडेट रखा जाए, वही आपरेटर का समयबद्ध भुगतान भी सुनिश्चित कराया जाए। सभी एमओआईसी सुनिश्चित कराए कि सभी चिकित्सालियों से संस्थागत प्रसव की रिपोर्टिंग प्रॉपर हो। सभी आशा संगीनियों का नियमित, समयबद्ध भुगतान हो इसे सुनिश्चित कराए।
*योजनाओं और संकेतकों की गहन समीक्षा*
डीएम ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आरसीएच और अन्य पोर्टल पर समयबद्ध डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ब्लॉकवार आयुष्मान गोल्डन कार्ड की प्रगति की समीक्षा की और सुधार के निर्देश दिए। साथ ही ओपीडी प्रगति, आयुष्मान भारत-पीएम जन आरोग्य योजना, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना, संस्थागत प्रसव, नेशनल दृष्टिहीनता निवारण कार्यक्रम, कुष्ठ व क्षय उन्मूलन, न्यूबॉर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट, ई-संजीवनी, संचारी व वेक्टर जनित रोग नियंत्रण और कवच एप्लीकेशन आधारित परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
*विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से शुरू, 31 जुलाई तक चलेगा महाअभियान*
जनपद में 01 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 1 जुलाई को कलेक्ट्रेट से जागरूकता रैली के माध्यम से की जाएगी। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वेक्टर जनित एवं संचारी रोगों के साथ-साथ दिमागी बुखार पर नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

1 जुलाई से “संभव अभियान 6.0” की शुरुआत, पोषण सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस ‌।

डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें 1 जुलाई से शुरू होने वाले “संभव अभियान 6.0” की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। डीपीओ (आईसीडीएस) ने बताया कि यह अभियान गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा थीम पर केंद्रित रहेगा।
डीएम ने अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसका लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय पर पहुंचना चाहिए। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आकांक्षात्मक नगरीय निकाय योजना के तहत नगर विकास विभाग द्वारा बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके साथ ही कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल द्वारा निर्माणाधीन सीडीपीओ कार्यालय भवन की प्रगति पर भी चर्चा हुई, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।

*इनकी रही मौजूदगी* :

बैठक में प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ वाणी गुप्ता, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीसी मनरेगा अमित कुमार परिहार, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ सहित डीपीएम अनिल यादव, डीपीओ भारत प्रसाद, सभी एमओआईसी, सीडीपीओ मौजूद रहे।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *