,(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 25 जून। जनपद में 01 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अटल सभागार में अंतरविभागीय समन्वय बैठक ली।

बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वेक्टर जनित एवं संचारी रोगों के साथ-साथ दिमागी बुखार पर नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ जमीनी स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाएं। उन्होंने कहा कि केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से लक्ष्य हासिल नहीं होगा, बल्कि नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, पशुपालन, कृषि और सिंचाई विभागों को भी पूरी सक्रियता से अपनी भूमिका निभानी होगी।

डीएम ने कहा कि गांव से लेकर शहर तक स्वच्छता, जल निकासी, एंटी लार्वा छिड़काव, जनजागरूकता और रोगियों की समय से पहचान अभियान की सफलता की कुंजी होगी।
डीएम ने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में भागीदारी कर अपने परिवार को सुरक्षित रखें। डीएम ने अभियान की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। साथ ही बुखार, दिमागी बुखार और अन्य संचारी रोगों के लक्षण वाले लोगों की जानकारी जुटाकर समय पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रूप में पूरे अभियान का संचालन करेगा।।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed