(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 20 जून। शासन द्वारा नामित जनपद की नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस शुक्रवार को अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत लखीमपुर खीरी पहुंचीं। जनपद आगमन पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग एवं सीडीओ अभिषेक कुमार ने उनका स्वागत किया।

नोडल अधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों एवं पूर्व में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। इस अवसर पर सीडीओ अभिषेक कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से 14 जून से अब तक आयोजित योग संबंधी कार्यक्रमों, जनजागरूकता गतिविधियों तथा 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने जनपद में योग दिवस को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि योग दिवस कार्यक्रम में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाएं।

इससे पूर्व नोडल अधिकारी ने डीएम, एसपी एवं सीडीओ के साथ “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत बालिका विद्यालय की छात्राओं को स्पोर्ट्स लोअर टी-शर्ट वितरित किए। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *