


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 16 मई : आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सोमवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील धौरहरा में “संपूर्ण समाधान दिवस” आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी, सीडीओ अभिषेक कुमार, एएसपी पवन गौतम एवं अन्य अधिकारियों ने आये हुए फरियादियों के समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रतानुसार लाभान्वित भी किया जाय। आम जनता की शिकायतों, आवेदनों के समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान के लिए शिकायतकर्ता से स्वयं बात करें। पीड़ित/परेशान व्यक्ति की मनोदशा को समझें, उसकी भावना का सम्मान करें और पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्या का समाधान किया जाए।
डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें।
डीएम की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 146 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें 07 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 63, पुलिस 42, विकास 09,
समाज कल्याण 09, लोक निर्माण 04, विधुत 06, नगर निकाय 03, आपूर्ति 04, अन्य की 06 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया गया। इस दौरान पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस पर मुस्कुराए चेहरे : लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, सीडीओ अभिषेक कुमार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया। इस दौरान सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 3 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। वहीं पीएम सूर्य घर योजना के तहत 2 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
