
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी। इंडियन बैंक द्वारा जनपद खीरी के आर एस ई टी आई प्रांगण में ऋण शिविर आयोजित किया गया। सृजनी मिल्क प्रोडूसर कंपनी लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एम ओ यू ) संपन्न किया गया। यह समझौता जनपद के दुग्ध उत्पादक सदस्यों को डिजिटल केसीसी (डेरी केसीसी ) ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है, जिससे उन्हें सरल, त्वरित एवं पारदर्शी ऋण सुविधा प्राप्त हो सकेगी। इंडियन बैंक के अंचल प्रमुख अभय कुमार एवं सृजनी कंपनी के सीईओ लखविंदर सिंह के मध्य, मुख्य महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर इंडियन बैंक के उप अंचल प्रमुख अप्रतिम अवस्थी तथा लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एल डी एम अशोक कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि इस एम ओ यू के माध्यम से जनपद के दुग्ध उत्पादकों को इंडियन बैंक से डिजिटल डेयरी ऋण प्राप्त करना अत्यंत सरल होगा। इससे न केवल ऋण प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि अधिकाधिक दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
