(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहने हेतु विख्यात गुरुकुल एकेडमी, पलिया कलां के लिए हर्षपूर्ण समय आया। विद्यालय के एक मेधावी छात्र विनायक बंसल ने जे ई ई मेन्स की परीक्षा उत्तीर्ण की। भौतिक,रसायन व गणित जैसे विषयों में 99.79 परसैंटाइल प्राप्त कर विनायक ने अपने माता-पिता, गुरुजनों व विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विनायक ने कहा कि वह इस सफलता के लिए अपने माता-पिता व गुरुजनों के आशीर्वाद, गुरुजनों तथा स्वयं के द्वारा किए गए परिश्रम को श्रेय देते हैं। विद्यालय में विज्ञान विषयों के विशेष शिक्षण को धन्यवाद तथा जानकारी देते हुए विनायक ने बताया कि कक्षा 12 की परीक्षाओं के बाद वे जे ई ई एडवांस के लिए तैयारी करेंगे।
विद्यालय प्रबंधक मुकेश अग्रवाल व अध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला ने विनायक व उसके माता-पिता को बधाई दी तथा कहा कि विद्यालय बच्चों को उनकी रुचियों व क्षमताओं के अनुसार उनका मार्गदर्शन करने व सफलता सुनिश्चित करने के लिए सदैव प्रयासरत है। छात्रों द्वारा परिश्रम तथा अभिभावकों के सहयोग का विद्यालय सदैव आकांक्षी है।