

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी 10 फरवरी। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देशानुसार डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिला सूचना विज्ञान केंद्र लखीमपुर खीरी द्वारा सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के उपलक्ष्य में एक सफल वर्कशॉप आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के साइबर सेल अधिकारी, विकास विभाग के अधिकारी, कॉमन सर्विस सेंटर संचालक और बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीआईओ (एनआईसी) महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस वर्कशॉप में इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर ठगियों से बचने के महत्वपूर्ण उपायों पर चर्चा की गई। इस वर्कशॉप में डिजिटल अरेस्ट के बारे में भी बताया गया कि फर्जी अधिकारियों के उन कॉलों पर संदेह करें जो दावा करते हैं कि आप मुसीबत में हैं एवं पैसे की मांग करते हैं। यह हमेशा याद रखना महत्वपूर्ण है कि वास्तविक कानून प्रवर्तन एजेंसी के अधिकारी कभी भी भुगतान या बैंकिंग विवरण नहीं मांगेंगे।
इस वर्कशॉप से हमेशा याद रखने योग्य कुछ महत्वपूर्ण बातें ताकि हम साइबर धोखाधड़ी का शिकार न हों : अपने पासवर्ड को मज़बूत रखें, पब्लिक वाई-फ़ाई से बचें, बिना जांच के किसी भी फ़ाइल या सॉफ्टवेयर को डाउनलोड न करें, वेब ब्राउज़र को हमेशा अपडेटेड रखें,अज्ञात स्रोतों से आए ईमेल न खोलें, किसी भी वेबसाइट को खोलते समय सही यूआरएल का विशेष ध्यान रखे। यदि आप के साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो सरकार को तुरंत सूचित करे। साइबर अपराध के बारे में शिकायत दर्ज किये जाने हेतु 1930 पर कॉल कर सकते है या निम्नलिखित पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते है।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी महेंद्र सिंह ने इंटरनेट के सुरक्षित संचालन की जानकारी दी, जबकि पुलिस विभाग (साइबर सेल) के अधिकारी सुरक्षा उपायों और साइबर ठगी से बचने की तकनीक समझाई।
*सुरक्षित इंटरनेट जागरूकता बाइक रैली को
एडीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,
लखीमपुर खीरी में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम (न्यायिक) अनिल कुमार रस्तोगी और एसओसी संजय आनंद ने कलेक्ट्रेट से सुरक्षित इंटरनेट जागरूकता बाइक रैली को हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में वीएलई हेलमेट पहनकर शामिल हुए और शहर की गलियों में साइबर सुरक्षा संदेश को लोगों तक पहुंचाया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल और साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना था। इसी के साथ राजकीय पॉलिटेक्निक लखीमपुर/नकहा/ मोहम्मदी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
