

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) दिनांक 18.10.2025 को 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया द्वारा सीमा चौकी बनकटी के अंतर्गत आने वाले गाँव बनकटी में वाइब्रेंट विलेज के युवाओं के उत्थान एवं कौशल विकास हेतु 20 दिन के लिए बेसिक कंप्यूटर कोर्स का शुभारंभ किया गया । इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी की अध्यक्षता में किया गया । इस अवसर पर श्रीमती श्वेता थापा, उप-कमांडेंट, निरीक्षक विनोद खोजा (समवाय प्रभारी बनकटी) एवं वाहिनी के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे । यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18.10.2025 से 06.11.2025 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें वाइब्रेंट विलेज के युवाओं को कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी जैसे कि कंप्यूटर का परिचय, एम.एस. ऑफिस, इंटरनेट का प्रयोग, टाइपिंग कौशल आदि सिखाया जाएगा । प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को डिजिटल साक्षर बनाकर उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना है, जिससे वे भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें । कमांडेंट ने अपने संबोधन में युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने जीवन को आत्मनिर्भर बनाएं । उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि 39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल आगे भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में सहयोग करती रहेगी । यह पहल वाइब्रेंट विलेज योजना को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे सीमावर्ती गाँवों में रहने वाले युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता मिलेगी ।
