
(न्यूज़- राजीव गोयल)
पलियाकलां-( खीरी)बांकेगंज।
गांव अन्नापुर निवासी एक युवक खीरी ब्रांच नहर पार करते समय नहर के पानी में बह गया, जिसकी तलाश में ग्रामीणों की सहायता से पुलिस लगी हुई है।
थाना मैलानी के गांव अन्नापुर निवासी पंकज कुमार पुत्र जमुना प्रसाद सोमवार की दोपहर दो बजे अपने भाई के साथ नहर पार अपने खेत में खाद डालने मोटरसाइकिल से गया था।खाद डालने के बाद दोनों भाई मोटरसाइकिल से वापस अपने घर की तरफ चल दिए।नहर के किनारे पहुंचते ही पंकज अपने भाई से बोला कि तुम मोटरसाइकिल से घर चलो मैं नहर क्रास करके घर पहुंचता हूं। पंकज जब नहर क्रास कर बीच नहर में पहुंचा तो डूबने लगा।कुछ ग्रामीण नहर के किनारे खड़े थे जब उन्होंने पंकज को डूबते देखा तो शोर मचाया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ लग गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से पंकज की काफी तलाश की किंतु कोई सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी विनोद गुप्ता, नायब तहसीलदार, लेखपाल आदि अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों द्वारा नहर विभाग से संपर्क कर नहर में पानी कम करने के संबंध में बात की जा रही है। पुलिस ने गोताखोर बुलवायें हैं। खबर लिखने तक तलाश जारी थी।
