(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां-(खीरी) पलिया नगर के श्री रामलीला मैदान में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई स्मारक बाल विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार पलिया श्रीमती आरती यादव व विशिष्ट अतिथि जिला उद्योग व्यापार मण्डल के जिला महामंत्री अमित महाजन ने फीता काटकर किया, फीता काटने से पूर्व नारियल फोड़कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से पूजन अर्चन भी किया गया।
प्रदर्शनी के शुभारंभ के उपरांत मुख्य अतिथि तहसीलदार पलिया आरती यादव ने कहा कि पलिया नगर हिमालय की तलहटी में और तराई के घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित क्षेत्र है जहां विकास की अपार संभावनायें है। पलिया केवल जनपद में ही नहीं वरन पूरे प्रदेश और देश में पर्यटन के मानचित्र में एक विशिष्ट स्थान रखता है। ऐसे नगर में बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के दृष्टिकोण से ऐसी प्रदर्शनी का आयोजन सराहनीय है। विशिष्ट अतिथि जिला उद्योग व्यापार मण्डल के जिला महामंत्री अमित महाजन ने कहा कि पलिया नगर में प्रत्येक वर्ष ग्रीष्मकालीन ऋतु में बच्चों के अवकाश के दौरान आयोजित की जाने वाली बाल विकास प्रदर्शनी का आयोजन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की स्मृति में किया जाना अपने आप में सराहनीय है, जहां सभी नागरिकों, महिलाओं, बच्चों सभी के मनोरंजन और खानपान की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।
प्रदर्शनी के व्यवस्थापक कृष्ण कुमार दिवाकर उर्फ गोपी भईया ने बताया कि नगर तथा क्षेत्रीय बालक बालिकाओं के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुये गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी एक ही प्रांगण में शिक्षाप्रद मनोरंजन, व्यायाम, खेल तथा ज्ञानवर्धक विषयों को लेकर उचित शाकाहारी खान-पान की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी का आयोजन कराया जा रहा है। नगर की प्रमुख सामाजिक कार्यकत्री श्रीमती कुंता अग्रवाल ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य उमस भरी गर्मी की छुट्टियों में बच्चों तथा अभिवावकों को मानसिक आनन्द तथा स्वस्थ मनोरंजन दिलाना है। नगर के प्रमुख समाजसेवी आलोक मिश्रा ने कहा कि बाल विकास प्रदर्शनी के आयोजन में सुरक्षा तथा संरक्षण को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्था की गई है, वरिष्ठ पत्रकार विश्वकांत त्रिपाठी ने कहा कि उक्त बाल विकास प्रदर्शनी में नगर और क्षेत्र के हजारों नागरिक बच्चे आदि शामिल होकर आनंद उठाते है। कार्यक्रम के समापन से पूर्व व्यवस्थापक कृष्ण कुमार दिवाकर के द्वारा अतिथिगण को स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तहसीलदार पलिया श्रीमती आरती यादव, विशिष्ट अतिथि जिला उद्योग व्यापार मण्डल के जिला महामंत्री अमित महाजन सहित विधायक प्रतिनिधि व नगर व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष श्याम आनन्द,प्रमुख समाज सेविका श्रीमती कुंता अग्रवाल, युवा व्यापारी प्रतिनिधि रवि गुप्त,समाजसेवी आलोक मिश्रा, प्रदर्शनी व्यवस्थापक कृष्ण कुमार दिवाकर, अग्निशमन अधिकारी राधेश्याम पाल, रामलीला कमेटी के कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता, विपिन गुप्ता, धनेन्द्र शुक्ला, ओमप्रकाश गुप्ता, आदर्श अग्रवाल, महेंद्र प्रताप सिंह,सोमेश माधव मिश्रा सहित अनेकों व्यापारीगण व गणमान्य नागरिक सहित सम्मानित पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति रही।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *