(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर खीरी, 05 मई। भीषण गर्मी और संभावित मानसूनी जलभराव की स्थिति से पहले जनहित से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में नगर निकायों के कार्यों की गहन समीक्षा की। इस विशेष बैठक में नाला निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और हीट वेव से निपटने की तैयारियों पर केंद्रित चर्चा की गई।

डीएम ने नगर निकायवार नाला निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जनता जलभराव से त्रस्त न हो, इसके लिए सभी नालों की गहन सफाई सुनिश्चित की जाए। कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि पंपसेटों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर जल निकासी के कार्य में विलंब न हो। साथ ही नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट किया कि नाली निर्माण जैसे कार्यों को वे स्वयं अपने पर्यवेक्षण में पूरा कराएं, और यह सुनिश्चित करें कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

हीट वेव से राहत के लिए डीएम ने सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था व जागरूकता कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को गर्मी और वर्षा दोनों से सुरक्षा मिले। इसलिए नगर निकाय न सिर्फ योजनाएं बनाएं, बल्कि धरातल पर उसका प्रभाव भी नजर आए।

*ग्रामीण पेयजल व्यवस्था पर डीएम का फोकस*
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने डीपीआरओ विशाल सिंह को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। साथ ही बाढ़ संभावित ग्राम पंचायतों में कम से कम पांच-पांच हैंडपंपों को ऊंचा कर उनकी उच्चीकृत स्थापना सुनिश्चित की जाए, जिससे बाढ़ के समय भी सुरक्षित पेयजल उपलब्ध रह सके।

*इनकी रही मौजूदगी :*
बैठक में सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम संजय कुमार सिंह, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित सभी नगर निकायों के ईओ उपस्थित रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों से कहा कि तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं और उसकी फील्ड रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *